ज्ञानपुर। जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने सोमवार को विकास भवन के कई कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें स्वच्छता के जिला समन्वयक समेत चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
शासन-प्रशासन की सख्ती के बाद भी सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली सुधर नहीं रही है। पखवारे भर पूर्व निरीक्षण में हिदायत के बाद भी कर्मचारी कार्यालय पहुंचने में लेट कर रहे हैं। सोमवार को जिलाधिकारी सुबह 10 बजे विकास भवन का जायजा लेने पहुंचे। जिला समाज कल्याण कार्यालय और सहायक अभियंता सिंचाई कार्यालय के निरीक्षण में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंता कार्यालय में कर्मचारी शहिस्ता शमीम अनुपस्थित रहे।
डीपीआरओ कार्यालय में लिपिक रामायण तिवारी, संदीप कुमार सिंह, डीसी सरोज पांडेय अनुपस्थित रहे। डीएम ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करें। विलंब से आने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर सीडीओ विवेक त्रिपाठी, डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी आदि मौजूद रहे।