बाढ़ आने के बाद पलायन कर रहे आबादी क्षेत्र के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कोनिया के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गंगेश्वर नाथ महादेव मंदिर बाढ़ के पानी से घिर गया है आश्रम परिसर में दो फिट पानी भर गया है। मंदिर की दो सीढियां पानी मे डूब गई है। सीतामढ़ी में बाढ़ का पानी उड़िया बाबा आश्रम और मौनी बाबा आश्रम के पास पहुंच गया है।
कोनिया के हरिरामपुर का प्राचीन शिवालय गंगा बाढ़ के पानी से चारो ओर से घिर गया है। मंदिर और आसपास के क्षेत्र में दो से तीन फीट पानी जमा हो गया है। बाढ़ का पानी बस्ती की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इटहरा पासी चौराहा से गंगेश्वर नाथ मंदिर जाने वाली सड़क पर पानी भरने लगा है।
कलातुलसी से हरिरामपुर होते हुए गजाधर पक्की सड़क पर तीन से चार फिट पानी भर गया है। दोनों गावों का संपर्क टूट गया है। केंद्रीय जल आयोग के मीटर गेज पर जल स्तर सुबह 79.500 मीटर था जो बढ़ कर शाम को 79.850 मीटर तक पहुंच गया। चेतावनी बिंदु 80 मीटर है।
एक्सईएन नहर सुधीर कुमार पाल ने बताया कि गंगा का जलस्तर पांच सेमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है।
डूब रही फसलें, बढ़ रही दुस्वारियां, बृद्ध बोला कोई आसरा नहीं
गंगा बाढ़ की कुपित धाराएं अब किसानों के खेतों से होते हुए बस्तियों की ओर रुख कर लिया है। गंगा तट पर स्थित नागा बाबा का दो मंजिला आश्रम चारो ओर से पानी से घिर गया है। नागा बाबा आश्रम में ही शरण लिए हुए हैं। इटहरा के ही डफाली बस्ती में आधा दर्जन मुस्लिम परिवार सज्जाक, गुड़िया, जुनैद, नयन, कईंम, कल्लन शनिवार को बस्ती छोड़कर सुरक्षित स्थान कटरा बाजार के लिए पलायन कर गए।
मुस्लिम परिवार के दो घरों के चारों ओर पानी पहुंच गया है। पीड़ित सज्जाक ने रोते हुए बताया कि बहुत गरीब व्यक्ति हूं कोई आसरा नहीं है। किसान शेषमणि सिंह, बाबा पाठक, दिलीप सिंह, राम जी सिंह, रामराज सिंह, पिंटू सिंह, लवकुश सिंह, जीत बहादुर सिंह, सहित अन्य किसानो की 50 बीघा फसल डूब गई है। इसी तरह हरिराम पुर, कलातुलसी, धनतुलसी के तराई इलाके के खेत और फसलें पानी में डूब गई हैं।
बाढ़ नियंत्रण कक्ष में लगी ड्यूटी, सभी को किया अलर्ट
जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्ट्रेट में बाढ़ नियंत्रण कक्ष को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। डीएम शैलेश कुमार के निर्देश पर एसडीएम न्यायिक ज्ञानपुर शिव प्रकाश यादव को नोडल अधिकारी बनाया गया है। तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक अमीन शिव कुमार और अनुसेवक हिंछलाल, दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक कृपाशंकर राम और अनिल पाठक, रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक मुन्नीलाल और जिला जीत यादव की ड्यूटी लगाई गई है। एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोग 05414- 250223 पर फोन कर सकेंगे।