ज्ञानपुर/मोढ़। शुक्रवार की देर रात और शनिवार को दिन में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुईं सड़क दुर्घटनाओं में चौकी इंचार्ज कटरा बाजार समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराकर दो वाहनों को कब्जे में लिया है। प्राथमिक उपचार के बाद राहत न मिलने पर चिकित्सकों ने दो लोगों को अन्यत्र रेफर कर दिया।
पहली घटना सुरियावां थानाक्षेत्र के कस्तूरीपुर में हुई जहां लखनऊ से घर आ रहे चालक को झपकी लगने के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें मूसीलाटपुर निवासी सौरभ भट्ट (25), बृजेश राय (20) घायल हो गए। रामसागर राय की कार लेकर सौरभ लखनऊ से घर भदोही आ रहा था। आसपास के लोगों ने किसी तरह दोनों को वाहन से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी घटना कोइरौना थानाक्षेत्र के जंगीगंज-धनतुलसी मार्ग स्थित बहपुरा तिराहे पर हुई, जहां कार के अनियंत्रित हो जाने के कारण चौकी इंचार्ज कटरा बाजार अविनाश राय (32) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी डीघ में भर्ती कराया। तीसरी घटना गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुररोड स्थित नरऊर गांव के पास शुक्रवार की देर शाम हुई। कार की टक्कर से बाइक सवार संतोष कुमार पांडेय (20), करन (22) घायल हो गए। दोनों बाइक पर सवार होकर गोपीगंज की ओर आ रहे थे। उसी समय मिर्जापुर की ओर जा रही तेज गति कार की चपेट में आ गए। सीएची में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया। पुलिस बाइक और कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई में लगी रही।