औराई। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के साथ दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक ने युवती के साथ पहले फेसबुक पर दोस्ती की और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसके बाद वह युवती को परेशान करने लगा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण घोसिया के मिश्राइन मोहल्ले में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घोसिया के मिश्राइन मोहल्ले निवासी तबरेज ने कोतवाली के एक गांव निवासी युवती के साथ पहले फेसबुक पर दोस्ती की। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा तो तबरेज ने युवती के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। इस बीच किसी बात को लेकर दोनाें के बीच खटपट हो गई। आरोप है कि युवक ने इसके बाद भी युवती को व्हाट्सअप पर मैसेज कर परेशान करता रहा। इस बीच युवती ने कई बार अपना मोबाइल नंबर भी बदला, लेकिन उसने उसका पीछा नहीं छोड़ा। इससे परेशान होकर युवती ने अपने माता-पिता को पूरी जानकारी दी। जानकारी होते ही युवती के पिता कोतवाली पहुंचे और आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी तबरेज को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म व अन्य मामले दर्ज किये। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ दुष्कर्म, छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।