अंबेडकर जयंती के दिन से जिला मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति का योगी सरकार का शेड्यूल शुक्रवार को पहले ही दिन डगमगा गया। सुबह से लेकर शाम छह बजे के बीच तकरीबन ढाई घंटे तक बिजली गुल रही। सुबह साढ़े नौ बजे से 11 बजे तक और फिर शाम पांच से छह बजे तक बिजली कटी रही। इसके अलावा बीच-बीच में कुछ देर के लिए बिजली आती-जाती रही। हालांकि विभाग ने इसे लोकल फॉल्ट के चलते आने वाली समस्या करार दिया। कहा कि आने वाले समय में समुचित आपूर्ति की जाएगी, जबकि ग्रामीण अंचलों में रोस्टर पर जर्जर सिस्टम भारी पड़ता दिखा। ग्रामीणों को 18 घंटे की बजाए अघोषित कटौती के बीच महज 10 से 12 घंटे ही बिजली मिली।
सूबे के मुख्यमंत्री ने अंबेडकर जयंती से मुख्यालयों को 24, तहसील को 20 और ग्रामीण अंचलों में 18 घंटे बिजली देने का निर्देश दिया है, लेकिन यह आदेश पहले ही दिन डगमगाता दिखा। जिला मुख्यालय ज्ञानपुर में सुबह साढ़े नौ बजे से 11 बजे तक बिजली गुल रही। इसके बाद पांच-दस मिनट के लिए एक-दो बार बिजली कटी। शाम पांच बजे बिजली गुल हुई तो समाचार दिए जाने तक (शाम छह बजे) बिजली के दर्शन नहीं हो सके थे। इसी तरह भदोही और औराई तहसील में भी 20 के बजाए 15 से 16 घंटे ही बिजली मिली। सुबह और दोपहर में दो-दो घंटे की अघोषित कटौती की गई। ग्रामीण अंचलों की बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। अभोली स्थित फीडर से जुड़े 50 से अधिक गांवों में मात्र सात से आठ घंटे ही, जहां बिजली मिल रही है, वहीं सीतामढ़ी फीडर, वहिदानगर, चौरी, संवरपुर समेत ज्यादातर फीडरों से जुड़े गांवों की आपूर्ति बेपटरी रही।