ज्ञानपुर। काशी नरेश विश्वविद्यालय गेट के सामने प्रदर्शन के दौरान भाजपा के युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विनय कुमार पांडे उर्फ गोरेलाल के साथ कथित अभद्रता और स्कॉर्पियो पर पथराव के मामले में पुलिस ने शनिवार की देर रात कार्रवाई की। आंदोलन करने वाले सपा छात्रसभा से जुड़े नौ नामजद और 10 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की।
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनय पांडेय ने तहरीर में बताया कि वह शनिवार को अपनी कार से भाजपा कार्यालय पर जा रहे थे। शीतल पाल तिराहा के पास प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसको लेकर शनिवार की देर शाम तक भाजपा नेताओं का जमावड़ा ज्ञानपुर कोतवाली पर लगा रहा। पुलिस ने मामले में विमल मिश्रा, शुभम यादव, विकास यादव, चांद बाबू, सीएल यादव, रिजवान अली, रोहन यादव, धीरज दुबे और लकी सोनकर को नामजद किया है। इसके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी ज्ञानपुर नगर, सुंदरपुर, सरपतहा जोरई और चकवा गांव के निवासी है। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।