गोपीगंज। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को औराई के बसपा के पूर्व विधायक उदयभान सिंह उर्फ डॉक्टर सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की है। जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने और निर्माण कार्य रोकने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। गोपीगंज के बघेल छावनी निवासी सुमन लता सिंह और कामिनी रजवार ने पूर्व विधायक के खिलाफ शिकायत की थी। सुमन लता सिंह व कामिनी रजवार के अनुसार, आराजी नंबर 323 उनकी वंशानुगत संपत्ति है। यह उनके पिता स्व. वीरेंद्र बहादुर सिंह बघेल की थी। उनके निधन के बाद राजस्व अभिलेखों में उनका नाम दर्ज हो चुका है। इस आराजी में उनके परिवारजनों के मकान और दुकानें बनी हैं। उनके पिता ने जीटी सड़क की ओर छह दुकानें बनवाई थीं, जिनमें से तीन बेची जा चुकी हैं और तीन किराये पर हैं। इनका किराया वह ले रही हैं।
बताया कि इन दुकानों के पीछे दक्षिण तरफ 64 बाई 14 फीट क्षेत्रफल में नौ फीट ऊंची चहारदीवारी बनाकर एक गेट लगाया गया था। इसका स्वामित्व भी कामिनी व सुमन लता के पास है। दिसंबर 2025 में इस भूमि पर भवन निर्माण के लिए सबमर्सिबल पंप लगवाया था। कुछ माह पूर्व निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप लगाया कि पूर्व विधायक उदयभान सिंह ने मजदूरों को डरा-धमकाकर काम रुकवा दिया और चेतावनी दी कि उनकी अनुमति के बिना कोई निर्माण नहीं होगा। बाद में गेट का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया।
शिकायत के आधार पर गोपीगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई का फैसला किया जाएगा। - अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक, भदोही।