घोसिया नगर पंचायत के सिन्हा रोड पर चोरी के बाद खाली दुकान। संवाद
घोसिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के घोसिया नगर पाठक कटरा में मंगलवार की ही रात चोरों ने पांच दुकानों और एक घर से नकदी और सामान चोरी कर लिए। चोरों ने दुकानों के ताले तोड़े और एक प्रतिष्ठान के कैश काउंटर से नकदी चोरी कर ली। पुलिस ने बुधवार की सुबह मौका-मुआयना किया। घटना को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। आधी रात के बाद आए चोरों ने बदरे आलम फूड स्टेशन, जावेद अख्तर के अंडा की दुकान, वसीम अहमद की दुकान और तहसीम मैट की दुकान समेत कुल पांच प्रतिष्ठानों के ताले तोड़ दिए। बदरे आलम फूड स्टेशन के कैश काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी भी चुरा ली गई।
इसी दौरान चोरों ने नगर निवासी बबलू के मकान को भी निशाना बनाया। बबलू परिवार सहित गांव गए हुए थे। घर में ताला बंद था। चोरों ने घर में रखे बॉक्स का ताला तोड़कर सामान उठा ले गए। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पीआरवी टीम और घोसिया चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने कहा कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।