सुरियावां। क्षेत्र के दो गांवों में सोमवार की देर रात आई बरात में जमकर मारपीट हो गई। एक बरात में तो स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बराती-घराती एक-दूसरे के ऊपर खाना फेंकने लगे।
बीच बचाव करने गई पुलिस से भी अभद्रता की गई। पुलिस मौके की नजाकत को देखते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा। दोनों शादियों को संपन्न कराया। खरगपुर में रघुनाथपुर नई बाजार भदोही से बरात आई थी। बारात में आर्केस्ट्रा चल रहा था। इसी बीच किसी बात को लेकर मारपीट होने लगी।
नशे में धुत लोगों ने एक-दूसरे से मारपीट की। मारपीट में ओमप्रकाश (21), विशाल (25), रोहित (25), राम प्रकाश (35) निवासी कलापुर घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी सुरियावां में भर्ती कराया गया।
इसी तरह पूरे भिखारी गोपीगंज से महदेपुर निवासी मन्नालाल बिंद के यहां बरात आई थी। यहां जयमाल के दौरान बराती और घरातियों में मारपीट हो गई। नशे में कुछ लोग एक दूसरे पर खाना फेंकने लगे।
इसमें हेमंत कुमार (25), देवराज बिंद (45), संध्या देवी (22) घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों मामलों में किसी तरफ से तहरीर नहीं मिली है।