अमेरिकी टैरिफ के चलते चिंतित भदोही के कालीन व्यापारियों को कालीन मेले के बाद एक उम्मीद जगी है। मेले में चार दिनों में 400 खरीदार और उनके प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इससे 240 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है।
अमेरिकी टैरिफ के साए में जिले में आयोजित 49वां अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला मंगलवार को संपन्न हो गया। कार्पेट एक्स्पो मार्ट में आयोजित चार दिवसीय कालीन मेले में लगभग 400 खरीदार और उनके प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
विज्ञापन
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के चेयरमैन कुलदीप राज वाटल ने चार दिनों में कुल 240 करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद जताई। इस बार मेले में बीते साल की अपेक्षा लगभग 100 स्टॉल कम लगे थे। वहीं खरीदार और उनके प्रतिनिधियों की संख्या में भी लगभग 100 की कमी आई। अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला इस बार कई मायनों में खास रहा।
अमेरिकी टैरिफ के संकट के बीच आयोजित मेले की सफलता को लेकर संशय बना हुआ था। इसके कारण दुकानों और खरीदारों की संख्या में अप्रत्याशित कमी आई। गत 11 अक्तूबर को सीएम ने मेले का उद्घाटन किया था। जहां उन्होंने अमेरिकी संकट की चुनौतियों के समाधान की बात कही थी। इसमें 40 अमेरिकी खरीदार आए थे।
इसके अलावा पंजीकरण कराने वाले 67 देशों में से 62 देशों के खरीदार और उनके प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चेयरमैन कुलदीप राज वाटल के अनुसार चार दिनों तक चले मेले में पंजीकरण कराने वाले खरीदारों और उनके प्रतिनिधियों में से 400 ने एक्सपो विजिट किया।