करीब एक सप्ताह बाद मौसम फिर मेहरबान हुआ। इस क्रम में मंगलवार को दिन भर आसमान में उमड़-घुमड़ रहे बादल शाम सात बजे के बाद जमकर बरसे। करीब ढाई से तीन घंटे तक रुक-रुककर कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश हुई। इससे सूख रही धान की नर्सरी और फसल को जहां संजीवनी मिली, वहीं रोपाई में तेजी आ गई। जल निकासी की सुविधा न होने से नगरों से लेकर ग्रामीण अंचलों में जलजमाव से आवागमन प्रभावित रहा।
यास और ताउते चक्रवात के कारण मई में जमकर बारिश हुई। करीब 10 दिन पूर्व आया मानसून भी 12 से 15 जून तक लोगों को बारिश के फुहारों ने भिगोया। उसके बाद मौसम बेरुखा हो गया। धूप और उमस से लोग बेहाल हो गए। 15 से 20 जुलाई के मध्य कभी हल्की तो कभी रिमझिम बारिश हुई, लेकिन आठ दिनों से बारिश नहीं हुई। इससे उमस और गर्मी से लोग बेहाल हो गए।
मंगलवार की सुबह से ही मौसम का रूख बदला-बदला नजर आया। आसमान में बादलों ने दस्तक दे दी। शाम सात बजे से करीब 10 बजे तक कभी तेज तो कभी रूक-रूककर बारिश होती रही। देर रात भी हल्की फुहारें पड़ती रहीं। बुधवार की सुबह किसान खेतों में दिखे। पानी के अभाव में धान की रोपाई न करने वाले किसान नर्सरी उखाड़ने और खेत की जुलाई करने में जुट गए। बारिश के कारण ग्रामीण सड़कें कीचड़ से सन गई तो नगरीय इलाकों में कई स्थानों पर जलजमाव हो गया।
सुरियावां, गोपीगंज, ज्ञानपुर के कई मोहल्लों के मार्गों पर एक फीट तक पानी भर गया। डीघ के दरवांसी, बसही, सुरियावां के बनकट सहित अन्य गांवों में कच्चे एवं पक्के मार्ग कीचड़ से सन गए। इससे आवागमन में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात में करीब 40 मिमी बारिश हुई। जुलाई में अब तक 174 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यह बारिश धान की नर्सरी और फसल दोनों के लिए लाभदायक है।