वहिदानगर। एक दशक से जर्जर होकर दम तोड़ रहीं नालियों से सिंचाई न हो पाने से नाराज किसानों ने सोमवार को प्रदर्शन कर निर्माण की मांग। डीघ ब्लॉक के अगिलहवां गांव के लोगों ने विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि ब्लॉक क्षेत्र के लगभग सौ गांवों के हजारों किसान क्षतिग्रस्त नालियों के कारण सिंचाई में दिक्कत हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक दशक पूर्व विकास खंड डीघ के लगभग सौ गांवों के हजारों किसानों की सिंचाई सुविधा के लिए नहर और सिंचाई विभाग ने संयुक्त रूप से करोड़ों खर्च कर नाली का निर्माण कराया गया। इन्हें मुख्य नहर, राजवाहा, माइनरों से जोड़ दिया गया, लेकिन निर्माण के समय से ही मानक में बरती गई अनदेखी के कारण नाली बेकार हो गई। किसान खेतों का पलेवा, धान और गेहूं की सिंचाई करने के लिए रात भर मेहनत करते हैं, लेकिन खेतों में पानी पहुंचने की बात कौन कहे, रिसाव से दूसरों के खेत जलमग्न हो जाते हैं। तब से अब तक लगभग 20 वर्ष का समय व्यतीत हो गया, फिर भी न विभाग अपनी नालियों की सुध ले सका न ग्रामसभा और ब्लॉक स्तर पर नालियों का पुनर्निर्माण के लिए मनरेगा से कोई पहल भी नहीं की गई। क्षतिग्रस्त नालियों का दंश झेलकर नालियां पटकर अस्तित्व खोने को विवश हैं, जो मनबढ़ किसानों के अतिक्रमण की भेंट चढ़ रही है। दर्जनों बार नहर विभाग, ग्राम प्रधान, बीडीओ, सीडीओ, तहसील स्तर पर भी शिकायतें की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गत दो माह से कोनिया क्षेत्र में बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था का खामियाजा किसानों को झेलना मजबूरी बन गई है।
एक सप्ताह के अंदर अगिलहवां सहित डीघ विकास खंड के अन्य गांवों का स्थलीय निरीक्षण कराकर विभाग नालियों का निर्माण शुरू नहीं करा सका तो किसान डीएम का घेराव करने के लिए विवश होंगे जिसकी जिम्मेदारी नहर विभाग की होगी। प्रदर्शन करने वालों में पन्नालाल मिश्र, आदर्श सिंह, संत प्रसाद यादव, मुकुंद लाल यादव, प्रेमनाथ यादव, विजय प्रकाश प्रजापति, बलिराम प्रजापति, सहदेव यादव, अमरनाथ यादव, सुशील कुमार मिश्र, श्यामधर मिश्र, राधेश्याम मिश्र, फूलचंद प्रजापति,महेंद्र धोबी, नागा धोबी, छोटे धोबी, रामनिधि यादव आदि किसान शामिल रहे।