औराई थाना क्षेत्र के घोसिया स्टेट बैंक के सामने हाईवे पर बुधवार की सुबह बोलेरो के धक्के से सड़क पार कर रहे किसान की मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुरौना निवासी राधेकृष्ण शुक्ला उर्फ लल्लन शुक्ला (55) छतमी स्थित रिश्तेदारी में चहकारी (मृतक के दरवाजे पर जाना) देने साइकिल से जा रहे थे। स्टेट बैंक घोसिया के सामने से हाईवे पार करते समय तेज गति से आ रहे बोलेरो चालक ने धक्का मार दिया और जिससे वह उछाल लेकर दूसरे वाहन के बोनट पर गिर पड़े। जिससे मौके पर ही मौत हो गई। लल्लन को दो पुत्र और एक पुत्री हैं और वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। घटना की जानकारी होने पर मृतक की पत्नी मंजू देवी कुछ देर के लिए अचेत जैसी रहीं। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो के साथ भाग गया। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।