भदोही। शनिवार से तीन दिन की बंदी के बाद मंगलवार को तहसील खुला जरूर लेकिन उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर के खिलाफ आंदोलनरत अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार जारी रहा। सुबह पहले अधिवक्ताओं ने तहसील में बैठक की। बैठक में एसडीएम पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।
तहसील बार के अध्यक्ष सूर्य प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि तहसील में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। अधिकारी इसको लेकर उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। शिकायत करने पर तानाशाही की जाती है। हम लोग किसी की तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। उपस्थित अधिवक्ताओं के विमर्श करने के बाद आज भी न्यायिक कार्य न करने का फैसला लिया गया। सभी अधिवक्ताओं ने कहा कि जब तक एसडीएम का स्थानांतरण नहीं हो जाता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। बैठक में इंद्रदेव मौर्य, प्रसन्न कुमार मिश्रा, रजनीश कुमार पांडेय, अशोक दूबे, शोभनाथ यादव, प्रदीप तिवारी, नन्हें लाल आदि थे।