चौरी। थाना क्षेत्र के बरदहां में दो मंजिला मकान से गिरकर मजदूर के मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिवार वाले चौरी थाने पहुंचे। कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया गया। मृतक की पत्नी ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को जगदीशपुर निवासी विनोद गौतम (27 वर्ष) की बरदहां में दीना मौर्या के दो मंजिला मकान की पोताई करने के दौरान गिरकर मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बुधवार को मामले में नया मोड़ तब आ गया जब बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मृतक के परिजन चौरी थाने पर पहुंच गए। हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। खबर मिलने पर औराई थाने की फोर्स के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। मृतक की पत्नी सुधा देवी ने पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर आरोप लगाया कि पति बरदहां के अमृतलाल और अनिल के साथ पेंटिंग का कार्य दीना मौर्या के यहां कर रहे थे। मंगलवार को पैसे की मांग को लेकर मकान मालिक और मेरे पति से विवाद होने लगा। इस दौरान मकान मालिक और बरदहां के सुशील दुबे ने गाली देते हुए धक्का दे दिया। इससे अनियंत्रित होकर नीचे गिर गए। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी दोनों ने हम लोगों को सूचना भी नही दिया। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि अरोपो की जांच की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी की जांच की गई है। मृतक के परिजनों के साथ अन्याय नही होगा।