ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मंगलवार से शुरू हो जाएगा। शिक्षा विभाग ने 30 फीसदी परीक्षकों को ही कॉपी जांचने के लिए आमंत्रित किया है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा खत्म होने के बाद 16 मार्च से विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में मूल्यांकन शुरू हुआ था। 17-18 मार्च तक मूल्यांकन होने के बाद कोरोना वायरस के मद्देनजर मूल्यांकन स्थगित कर दिया गया। जनता कर्फ्यू, लॉकडाउन के कारण करीब डेढ़ माह से अधिक समय तक कॅापियां नहीं जांची गईं। पांच मई से कॉपियों के मूल्यांकन करने की तैयारी शुरू हो गई थी, लेकिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद फिर मूल्यांकन न करने का निर्णय लिया गया। एक बार फिर शिक्षा निदेशालय ने बोर्ड परीक्षाफल को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए 12 मई से मूल्यांकन शुरू करने का पत्र जारी किया।
उप नियंत्रक प्रेमचंद्र यादव ने कहा कि चार दिन पूर्व मूल्यांकन केंद्र को सैनिटाइज किया गया था। कॉपियों की जांच शुरू होने पर प्रतिदिन केंद्र को सैनिटाइज किया जाएगा। एक बेंच पर केवल एक परीक्षक ही कॉपियां जांचेगा। हर कक्ष के मुख्य गेट पर सैनिटाइजर और साबुन को रखा जाएगा। मूल्यांकन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल की 79 हजार और इंटर की 53 हजार कॉपियां जांचने के लिए आठ सौ के करीब परीक्षक लगाए गए हैं, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए सिर्फ 340 परीक्षक ही बुलाए गए हैं। मार्च में शुरू हुए मूल्यांकन के दौरान पांच से छह हजार कॉपियां जांची जा सकी थी।