लालानगर। गोपीगंज नगर के विभिन्न मोहल्लों में रविवार को बिजली निगम की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बकाया बिल वाले 24 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। निगम की कार्रवाई से नगर में खलबली मची रही।
अवर अभियंता गोपीगंज बृजेश जायसवाल और विनोद कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने चिकन गली, पश्चिम मोहन, अंजनी मोहाल और बड़े शिव गली समेत विभिन्न मोहल्लों में सघन विद्युत जांच अभियान चलाया।
अवर अभियंता बृजेश जायसवाल ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से आवश्यकता के अनुसार बिजली उपयोग करने और समय से बिल जमा करने की अपील की, ताकि अनावश्यक लोड और ट्रिपिंग की समस्या से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 24 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 15 उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाया गया। साथ ही चार लाख रुपये राजस्व की वसूली की गई। संवाद