ज्ञानपुर। लवकुश कुमारों की जन्मस्थली सीतामढ़ी में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय रामायण मेला की तैयारियां तेज हो गईं हैं। बृहस्पतिवार को सीतामढ़ी के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने तैयारियों का जायजा लिया। मेला तीन जुलाई से 10 जुलाई तक चलेगा।
डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि दो जुलाई तक सभी जर्जर तार बदलवा दें अन्यथा ठीक न होगा। मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मेला क्षेत्र में पेयजल की समस्या है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन जल निगम को तत्काल हैंडपंप ठीक कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि मेले में एंबुलेस और डाक्टरों की तैनाती के साथ ही जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता बनी रहे। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिया कि घाटों पर रोशनी, जनरेटर, पानी में बांस की बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्था कराएं। कहा कि सौंपे गए दायित्व को अधिकारी समय पर पूरा करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। मेले में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी गोपीगंज नपा को दी। कहा मेला क्षेत्र में पानी के लिए आठ टैंकर की व्यवस्था कराएं। फूड इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि मिठाइयों, केला, जलेबी जैसी फल एवं मिठाइयों को चेक कर ही मेले में बेचने की अनुमति दें। कहा सुरक्षा के दृष्टिगत मेले में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी रामसिंह वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी कालू सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।