ज्ञानपुर। जिले में प्रधान, बीडीसी, सदस्य और सभासद के उपचुनाव के लिए बुधवार को 39 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इससे ब्लॉक से लेकर निकायों में गहमागहमी का माहौल रहा। प्रधान के तीन पदों के लिए नौ, सभासद के एक पद पर 10, बीडीसी के चार पदों के लिए पांच प्रत्याशियों ने नामांकन किया। सदस्य के 30 रिक्त पदों के लिए अब तक 15 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है, जबकि 15 पद अब भी खाली हैं।
लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत प्रत्येक पांच वर्ष में लोकसभा, विधानसभा, नगर निकाय से लेकर पंचायत चुनाव कराया जाता है। 2015 में पंचायत चुनाव के बाद अब 2020 में चुनाव होना है, लेकिन इस दौरान निधन या अन्य किन्हीं कारणों से रिक्त हुईं सीटों के लिए छह माह के अंदर उप चुनाव होता है। जिले के छह ब्लॉकों में रिक्त प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य के सीटों के लिए बुधवार को नामांकन शुरू हो गया। औराई के हुसैनीपुर गांव में प्रधान के लिए एक, डीघ के मरसड़ा में चार और भदोही के परगासपुर में चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। औराई में बीडीसी के लिए वार्ड 41 पर एक, 46 पर दो, 133 पर एक जबकि ज्ञानपुर के वार्ड 35 के लिए एक प्रत्याशी ने पर्चा भरा। भदोही नगर के वार्ड 20 रामसहायपुर में सभासद के लिए 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसी तरह सदस्य के रिक्त 30 पदों में 15 के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किया। बताते चलें कि औराई के हुसैनीपुर के प्रधान का निधन होने से सीट रिक्त हो गई थी, जबकि डीघ के मरसड़ा और भदोही के परगासपुर के प्रधान को जिलाधिकारी ने धांधली में पद मुक्त कर दिया गया था। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने कहा कि बुधवार को कुल 39 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 27 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 को नाम वापसी संग प्रतीक आवंटन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत के उप चुनाव के लिए मतदान छह जुलाई और मतगणना आठ जुलाई को होगी, जबकि निकाय के लिए 13 को मतदान और 15 को मतगणना होगी।