औराई/जंगीगंज। सावन में शुरू होने वाली कांवर यात्रा की तैयारी जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। मंगलवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने बाबूसराय से लेकर ऊंज तक हाईवे का जायजा लिया। सभी सीओ, थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि कांवर यात्रा को सुगम बनाने के लिए व्यवस्था करें।
मंगलवार को शाम पांच बजे डीएम राजेंद्र प्रसाद और एसपी राजेश एस औराई कोतवाली पहुंचे। यहां से बाबूसराय और उसके बाद गोपीगंज, जंगीगंज होते हुए ऊंज पहुंचे। बाबूसराय से ऊंज तक जिले में पड़ने वाले हाईवे के 40 से 45 किमी परिक्षेत्र में कांवरियों के लिए कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सभी को निर्देशित किया। सिक्स लेन निर्माण, फ्लाईओवर बनने से सर्विस लेन में आने वाली समस्याओं को परखा और उसे दुरुस्त कराने के लिए कहा। जगह-जगह पड़ने वाले चौराहों, तिराहों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा। 17 जुलाई से पूर्व बन रहे फ्लाईओवर और सर्विस लेन को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए एनएचआई को निर्देश दिया। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि कांवर यात्रा में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतेंगे तो उन पर कार्रवाई तय होगी।