बेरासपुर घाट पर स्नान करते समय गंगा में डूबने के बाद लगी भीड़ । संवाद
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बेरासपुर गंगा घाट पर मंगलवार को स्नान के दौरान पंचलाल यादव (75) निवासी किशुनदेपुर डूब गए।
वृद्ध को डूबते समय घाट पर मौजूद एक महिला ने देख लिया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों से तलाश कराई। चार घंटे बाद सुबह 10 बजे शव मिला। पंचलाल एक महिला के निधन पर अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। बेरासपुर ग्राम प्रधान मिथलेश कुमार ने बताया कि किशुनदेवपुर निवासी पंचलाल यादव के गांव में सोमवार को बिहसपुर निवासी राजकुमारी मौर्या का निधन हो गया था।
मंगलवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार बिहरोजपुर गंगा घाट पर होना था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंचलाल यादव बिहरोजपुर घाट पहुंचे, लेकिन वहां अंतिम संस्कार करने वाले लोग नहीं पहुंचे थे।
इस पर वह बिहरोजपुर घाट से बेरासपुर गंगा घाट चले गए और वहां स्नान करने लगे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
घाट के किनारे पंचलाल यादव का गमछा, जूता, चश्मा और डंडा पड़ा मिला। पंचलाल को तीन बेटे और एक बेटी हैं। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।