गोपीगंज। क्षेत्र के छतमी स्थित एक निजी स्कूल में मंगलवार को अग्नि शमन विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में आग से बचाव की जानकारी दी गई। सीएफओ विश्वनाथ बनर्जी व एलएफएम दिवाकर मौर्य ने विद्यालय के बच्चों को आग से बचाव से अलग-अलग तरीकों से परिचित कराया।
फायर अधिकारी ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ-साथ आग लगने की घटनाएं भी बढ़ जाती है। ऐसे में किसी भी परिस्थितियों से निपटने के लिए हमें सजग रहना बहुत जरूरी है। किसी आपात परिस्थिति में हम छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर आग से होने वाले नुकसान से बच सकते हैं। कहा कि आग लगने के बाद डरने के बजाय सतर्कता रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने प्राथमिक बचाव के लिए लगाए गए उपकरण के संचालन की जानकारी देते हुए बताया कि हम किस तरह से बांस व पाइप के सहारे स्ट्रेचर निर्माण कर सकते हैं। वहीं अगर सिलेंडर में आग पकड़ता है गीले कपड़े से उसे बुझा सकते हैं। मौके पर प्रधानाध्यापिका श्रद्धा जायसवाल, टुनटुन कुमार, उपेंद्र सोनकर, अनिल कुमार, अभिषेक पाल, अनिल यादव व दीपचंद आदि रहे।