ज्ञानपुर। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर छुट्टी लेकर गायब रहने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की परेशानी बढ़ने वाली है। पोर्टल पर अवकाश लेेने के बाद उन्हें अपने समकक्ष किसी डॉक्टर, कर्मचारी से छुट्टी नोटेड करानी करानी होगी। उस व्यक्ति के अनुपस्थिति में दूसरा कोई कार्य देख सके। इससे मरीज को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। जिला अस्पताल में यह व्यवस्था शुक्रवार से लागू कर दी गई। जिले में 235 स्वास्थ्य केंद्रों पर 125 से 130 चिकित्सकों सहित 700 स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती अलग-अलग केंद्रों पर है। अभी तक कुछ स्वास्थ्यकर्मी पोर्टल पर छुट्टी लेने के बाद दफ्तर में सूचना देते और कुछ नहीं देते थे। अस्पताल के अधीक्षक को यह पता नहीं होता था। पूछने पर जानकारी मिलती थी कि वह आज अवकाश पर है। इससे मरीजों को परेशानी होती थी, उन्हें बार- बार ओपीडी भवन का चक्कर लगाना पड़ता।
घर बैठे कर्मचारी पोर्टल पर अवकाश लेकर अस्पताल में नहीं आते थे। अब उन्हें पोर्टल पर अवकाश लेने के बाद एक कर्मचारी से नोट करना होगा कि यह छुट्टी पर हैं, इसकी जानकारी मुझे हैं। किसी तरह की जरूरत पड़ने पर वह कार्य मैं कर सकता हूं। जिला अस्पताल ज्ञानपुर सहित कुल 235 स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना 5500 से 6000 की ओपीडी होती है। जिन्हें जांच पड़ताल करके दवा दी जाती है। कई कर्मचारी लेटलतीफ आते हैं, जब कोई उच्चाधिकारी अस्पताल जांच करने आता है तो पता चलता है कि डॉक्टर अवकाश पर है।
जिला अस्पताल सहित सभी 235 स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक, प्रभारी को निर्देशित किया गया है। पोर्टल पर छुट्टी स्वीकृत होने के बाद उसे समकक्ष कर्मचारी से नोटेड कराया जाएगा। इसके बाद ही अवकाश मान्य होगा। -
डॉ. एसके चक, सीएमओ भदोही