जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की बैठक हुई। इसमें जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा योजना की खराब प्रगति मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारी से नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि विभागीय कार्य में किसी भी स्तर से लापरवाही मिली तो अधिकारियों की कार्यशैली को गंभीरता से लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों की प्रगति रिपोर्ट, जननी शिशु सुरक्षा, परिवार नियोजन, मातृ मृत्यु, एंबुलेंस 108 व 102, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भुगतान, नियमित टीकाकरण में हुई प्रगति की समीक्षा की। जननी सुरक्षा योजना में भदोही स्वास्थ्य केंद्र की प्रगति कम होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। प्राइवेट अस्पताल में प्रसव कराने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की हिदायत दी। सीएमओ डॉ. संतोष चक को निर्देश दिया कि अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन कराएं। बिना रजिस्ट्रेशन प्रसव कराने वाले अस्पताल संचालकों पर कार्रवाई होगी। समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि कायाकल्प योजना के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी काम कराएं। जरूरी सामानों की खरीदारी करते हुए मरम्मत कार्य भी कराएं। स्वास्थ्य विभाग मुख्य पैरामीटर पर बेहतर काम करें। अस्पतालों में बेहतर साफ-सफाई की भी व्यवस्था की भी उन्होंने हिदायत दी। उन्होंने मरीजों को एंबुलेंस प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। बैठक में सीडीओ भानु प्रताप सिंह, रोहिताश आदि उपस्थित थे।