ज्ञानपुर। राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के बैनर तले शुक्रवार को दिव्यांगों ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर मांगपत्र डीएम आर्यका अखौरी को सौंपा। जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव ने आरोप लगाया कि डीघ ब्लॉक के चंदापुर गांव निवासी दिव्यांग फूलचंद एसडीएम कोर्ट में चल रहे मामले में न्याय मांगने गया था।
उन्होंने कहा कि अपमान का सदमा बर्दाश्त न कर पाने के कारण फूलचंद ने दम तोड़ दिया। इसके काफी देर बाद एंबुलेंस से पुलिस ने शव जिला अस्पताल ले गई। जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए सुविधा शुल्क की मांग की, जो अनुचित है। अभी तक मृतक की दिव्यांग पत्नी सोना देवी को मुआवजा की धनराशि भी जिला प्रशासन नहीं दे सका। यह स्थिति जब मुख्यालय पर है तो ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली आकस्मिक घटनाओं के समय सरकारी मदद की बात करना दूर की बात दिख रही है। कहा कि एक सप्ताह के अंदर मृतक आश्रित परिवार को मुआवजा, आवास, पुत्र-पुत्रियों की शादी का लाभ दिलाकर कार्यालयों का चक्कर लगाने वाले दिव्यांगों के मामले में उचित पहल नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर संतोष उपाध्याय, शशिभूषण मिश्रा, जनेश्वर, मनोज यादव, जेपी गुप्ता, धीरज बिंद, नीरज, पिंटू मौजूद रहे।