ज्ञानपुर। 28 नवंबर को लखनऊ में आयोजित बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय विकलांग पार्टी ने मंगलवार को जागरूकता रैली निकाल कर जनसमर्थन जुटाया। वीएनजीआईसी गेट से निकली रैली नगर भ्रमण कर जिला अस्पताल, प्रोफेसर कालोनी, लोक निर्माण विभाग रोड, मुख्य डाकघर, दुर्गागंज रोड तिराहा, पुरानी बाजार होते हुए पुन: वीएनजीआईसी गेट पर पहुंचकर समाप्त हुई।
पार्टी पदाधिकारियों ने महिलाओं, युवतियों का आह्वान करते हुए कहा कि आप हमारा साथ दो-हम आपके मान-सम्मान की लड़ाई में पीछे नहीं हटेंगे। प्रदेश में बढ़ते महिला उत्पीड़न का परिणाम है कि गरीब, मजदूर और किसान परिवारों को सबसे अधिक भुक्तभोगी होना पड़ा है। जंगलराज से तभी छुटकारा मिलेगा, जब खोखले दावे करने वालों को सही जवाब मिलेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष केके दीक्षित के निर्देश पर पार्टीजन समर्थन जुटाकर मुख्यमंत्री का भी घेराव करेंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मनोज यादव, जयप्रकाश, नीरज कन्नौजिया, माता गुलाम, संतोष उपाध्याय, धीरज बिंद आदि रहे।