ज्ञानपुर/भदोही। जिले के नोडल अधिकारी और मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी कोविड टीकाकरण, बचाव की व्यवस्था देखी। वह भदोही स्थित महाराजा बलवंत सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्थायी गोशाला रैमलपुर में गोवंश को ठंड से बचाने, चारा आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
नोडल अधिकारी और मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी शुक्रवार को दोपहर बाद महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सालय में ओपीडी, इमरजेंसी संग अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। भर्ती मरीजों से हालचाल पूछा और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मौजूद डॉक्टरों से नियमित बैठने और दवाओं की उपलब्धता के बारे में पूछा। उन्होंने वैक्सीनेशन में तेजी लाते हुए 31 जनवरी तक भदोही को पूर्ण टीकाकरण वाला जिला बनाने पर जोर दिया। इसके बाद वह गो संरक्षण केंद्र रैमलपुर पहुंचे।
सीवीओ को निर्देश दिया कि पशु चिकित्साधिकारियों की गोशाला पर ड्यूटी लगाने, सभी पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कराकर साप्ताहिक रिपोर्ट दें। उन्होंने उपस्थित पंजिका पर अंकित नए पशु, कम पशु, मृत पशु, विगत दिनों में गायों की बीमारी में उपचार में दी दवाओं के विवरण का अवलोकन किया। उन्होने कहा कि गौशालाओं में पशुओं के लिए समुचित चारे दाने की व्यवस्था, शीत ऋतु से गोवंश सुरक्षा, ठंड से बचाव, स्वानों से गोवंश की सुरक्षा, पीने के लिए स्वच्छ पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। ठंड से बचाव के लिए बोरा आदि की व्यवस्था के लिए गणमान्य व्यक्तियों, व्यापारियों और दान दाताओं के साथ-साथ समाज सेवियों से समन्वय स्थापित कर सहयोग लिया जाए। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, सीवीओ डॉ. जय सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक आदि रहे।