सुरियावां थाना क्षेत्र के खानापुर (मऊरामशाला) गांव में शुक्रवार की रात पति से कहासुनी के बाद एक विवाहिता ने कुएं में छलांग लगा दी। जिससे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।
मऊरामशाला गांव निवासी कमलेश यादव की शादी 2006 में उषा देवी के साथ हुई थी। जिसका मायका प्रयागराज के बरौत में है। कमलेश के पिता सीताराम यादव ने बताया कि उनका बेटा मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार की रात मोबाइल पर उसकी बहू से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। उसके बाद गुस्से में उसकी बहू घर के सामने स्थित कुएं में कूद गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से ऊषा देवी (32) को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतका का एक 13 साल का बेटा मनीष कुमार है। शनिवार की सुबह प्रभारी निरीक्षक सुरियावां भुवनेश्वर कुमार पांडेय ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर मिलने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव और ज्ञानपुर विधायक प्रतिनिधि राजितराम यादव, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने पीड़ित परिवार वालों से मिलकर ढांढस बंधाया।