ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षकों पर सख्ती शुरू हो गई है। डीआईओएस ने 278 शिक्षकों की सूची बोर्ड को भेज दी है।
विभाग का मानना है कि इन शिक्षकों को अगले साल होने वाले मूल्यांकन से बाहर किया जा सकता है। जिले में 24 फरवरी से नौ मार्च तक 94 केंद्रो पर यूपी बोर्ड की परीक्षाएं हुई।
इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 56 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन के लिए विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर और इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया था।
19 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ। इस दौरान 278 शिक्षक अपनी मांगों को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए मूल्यांकन करने नहीं आए।
इस पर शिक्षा विभाग ने सभी को नोटिस भी जारी किया। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ अब परिषद ने सख्ती शुरू कर दी है। परिषद ने ऐसे परीक्षकों का ब्योरा तलब किया है।
डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि अनुपस्थित परीक्षकों की सूची बनाकर बोर्ड को भेज दिया गया है। परिषद की अधिकृत ईमेल आईडी पर अनुपस्थित परीक्षकों की सूची उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने बताया कि ऐसे परीक्षकों से भविष्य में मूल्यांकन कार्य नहीं कराया जाएगा।