सीतामढ़ी। गंगा में स्टीमर की जगह जर्जर छोटी नौकाओं का संचालन हो रहा है। जर्जर नावों के संचालन पर रोक लगाने एवं लोक निर्माण विभाग की मनमानी के खिलाफ शुक्रवार को धनतुलसी डेंगुरपुर गंगा घाट पर क्षेत्र के युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
युवाओं ने कहा कि प्रदेश सरकार धनतुलसी, सीतामढ़ी और रामपुर गंगा घाट पर स्टीमर चलाने के लिए धन आवंटित करता है। लेकिन विभागीय लोग स्टीमर के स्थान पर गंगा में पुरानी छोटी एवं जर्जर नौकाओं का संचालन करा रहे हैं। कहा कि स्टीमर न चलवाकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सुबह और शाम तो छोटी नौकाओं से गंगा में यात्रा करना अत्यंत जोखिम रहता है। लेकिन मजबूरी में लोग जर्जर नौकाओं से गंगा पार करते हैं। दरअसल गंगा नदी के जिन घाटों पर पीपा पुल बनाया जाता है बारिश में पुल खोले जाने के बाद उन घाटों पर सरकार की ओर से नि:शुल्क स्टीमर चलाने की व्यवस्था की जाती है जिसका जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाता है। लेकिन विभाग मनमानी तरीके से छोटी नौकाओं का संचालन करवा रहा है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सीतामढ़ी से महज तीन किलोमीटर दूरी पर प्रयागराज जनपद के टेला गंगा में विधिवत बड़ी स्टीमर की व्यवस्था है जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम होता है। हालांकि इसके विपरीत उलट धनतुलसी और सीतामढ़ी गंगा में स्टीमर के स्थान पर ओवर लोडेड छोटी नौकाओं का संचालन किया जा रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी से समस्या समाधान की मांग की है। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में समाजसेवी आदर्श पांडेय, युवा शक्ति के पवन तिवारी, अंकित सिंह, टैटू सिंह, मंटू पांडेय, मनोज सिंह, सुरेंद्र प्रजापति, गुलाब यादव आदि थे। जबकि लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन हीरामणि वर्मा ने बताया कि स्टीमर संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। बताया कि गंगा में स्टीमर संचालन की जिम्मेदारी ठेकेदारों को जल्दी ही सौंप दी जाएगी।