ऊंज। डीघ विकास खंड के ऊंज बाजार निवासियों ने सोमवार को एनएचएआई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तीन वर्ष से अधूरे छोड़े नाला सेफ्टी टैंक निर्माण की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एक ओर राजमार्ग प्राधिकरण सुरक्षित आवागमन की बात करता है। दूसरी ओर गरीब, मजदूरों की जान लेना चाहता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 सिक्सलेन अंतर्गत नाला का निर्माण पश्चिमी छोर पर शुरू कराया गया, लेकिन आज तक उसे पूरा न कराया गया। इससे बाजारवासियों के लिए खतरा बढ़ गया है। अब तक कई अंडरपास ब्रिज, ओवरब्रिज जैसे कार्यों में करोड़ों रुपया खर्च कर निर्माण भी पूरा कराया गया लेकिन उक्त नाले पर बनने वाला सेफ्टी टैंक कार्य की ओर न अधिकारियों की नजर पड़ पा रही है न कार्यदाई संस्था की। टैंक के बरसाती पानी से लबालब हो जाने के कारण राहगीर और रहने वाले परिवारों के बच्चों में हमेशा किसी न किसी अनहोनी का भया सताता रहता है। एक सप्ताह के अंदर अधर में छोड़े गए कार्य को पूरा नहीं कराया जा सका तो बाजारवासी डीएम का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। परियोजना निदेशक अश्वनी राय ने कहा कि मामला संज्ञान में है शीघ्र ही कार्य पूरा कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सोनू सिंह, अगस्तदेव सिंह, रंजन सिंह यादव, राजेश कुमार, पिंकू सिंह, रमेश सरोज, अमित सिंह, घनश्याम आदि लोग शामिल रहे।