ज्ञानपुर। भदोही जिले में 13 लोगों की जान ले चुके कोरोना वायरस कोविड-19 का तेवर दिनों दिन तल्ख होता जा रहा है और लोग बड़ी तादाद में इसकी चपेट में आ रहे हैं, लेकिन बीमारी के प्रति लापरवाही में कमी नहीं आ रही। दो दिन की साप्ताहिक बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुले तो दुकानों से लेकर बैंक कार्यालयों तक जगह-जगह सोशल डिस्टेंसिंग के प्रति जबर्दस्त बेपरवाही दिखी। लोग बेतरतीब ढंग से भीड़ लगाकर खड़े दिखे।
कोरोना संक्रमण का दायरा जिले में तेजी से बढ़ रहा है। 10 अप्रैल से लेकर अब तक 434 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। लगभग प्रतिदिन पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं, मगर इसके बाद भी बीमारी की संवेदनशीलता को लेकर लापरवाही की बानगी आसानी से देखने को मिल जाती है। अनलॉक-दो में प्रदेश सरकार ने सप्ताह के अंतिम दो दिनों शनिवार और रविवार को बाजार में पूरी तरह बंदी का निर्देश दिया है। दो दिन की बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुले तो सड़कों पर मानो रेला लग गया। वह भी असुरक्षित ढंग से। लोगों की भीड़ के बीच न तो मास्क दिख रहा था ना ही सामाजिक दूरी। विभिन्न दुकानों पर खरीदारी करने पहुंचे लोग असुरक्षित ढंग से खरीदारी करते दिखे। बैंकों पर लेनदेन के सिलसिले में पहुंचे उपभोक्ताओं को भी बैंक के गेट पर असुरक्षित ढंग से भीड़ लगाए देखा गया। इससे उधर से गुजरने वाले लोगों के मुंह से बरबस ही निकल पड़ता- यह खतरनाक है, ऐसी गलती ना करें। क्योंकि महामारी का असर अभी कम नहीं हुआ है।