थानाक्षेत्र के वेदमनपुर गांव में बिजली की खराबी से नाराज लोगों ने एक कालीन कारखाने में शुक्रवार को तोड़फोड़ की। आरोप लगाया कि कारखाना संचालक की मनमानी से बस्ती में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। आरोप है कि तोड़फोड़ से हजारों का सामान नष्ट हो गया। पीड़ित ने तीन के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वेदनपुर गांव निवासी जहांगीर आलम की घर से चंद कदम दूर कालीन कारखाना है। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार को कारखाने में काम कर रहे थे कि उसी दौरान बस्ती के दर्जन भर से अधिक लोग वहां पहुंचे और सामानों को तोड़ने लगे। विरोध करने पर जहांगीर की पिटाई भी की। आरोप लगाया कि कालीन कारखाना संचालक की मनमानी से बस्ती में बिजली आपूर्ति ठप है। शिकायत के बाद भी उसे सही नहीं कराया गया। मामला बढ़ता देख आसपास के सैकड़ों लोग पहुंच गए। समझाने-बुझाने पर नाराज लोग शांत हुए लेकिन तब तक कई जरूरी सामान टूट गए थे। पीड़ित कंपनी संचालक ने बस्ती के तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।