ज्ञानपुर। प्रगतिशील मानव समाज पार्टी कार्यकर्ताओं ने 20 अतिपिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपकर कहा कि दशकभर पूर्व से चल रही इस मांग की उपेक्षा की जा रही है।
जिलाध्यक्ष महेंद्र कुमार बिंद ने कहा कि बिंद, केवट, निषाद, कश्यप, मल्लाह, बियार, बाथम, धीवर, कहार, कुम्हार, प्रजापति, नाई, विश्वकर्मा, भूंज, गौड़, माली, पाल, भर, राजभर, चौहान समेत 20 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर आरक्षण कोटा 23 फीसद से बढ़ाकर 35 फीसद किया जाए। दोहरी शिक्षा प्रणाली को समाप्त कर समान शिक्षा, गरीब-मजदूर छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क कोचिंग, छात्रावास, यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाए, बेरोजगारों को रोजगार की व्यवस्था की जाए, किसान हित में काले कानून को वापस लिया जाए। इस मौके पर राहुल बिंद, शिवनाथ बिंद, श्यामलाल बिंद समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता शामिल रहे।