ज्ञानपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की तैयारी पूरी हो गई है। सोमवार 18 जनवरी को नए दीवानी न्यायालय परिसर में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए वोट डाले जाएंगे जबकि मंगलवार को मतगणना होगी। 925 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला तय करेंगे। कोषाध्यक्ष सहित कई पदों पर मात्र एक-एक नामांकन होने से उन पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है।
डिबाए के वार्षिक चुनाव के लिए एक जनवरी से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू की गई। छह और सात जनवरी को नामांकन, आठ जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी हुई। करीब नौ दिनों तक अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के लिए अधिवक्ताओं से मिलकर अपने पक्ष में मतदान की अपील करते रहे। 18 जनवरी को होने वाले मतदान को लेकर शनिवार को एल्डर्स कमेटी की ओर से तैयारी पूरी की गई। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष सदानंद यादव ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए धीरज शुक्ला, सूर्यदत्त पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के लिए सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव, सुशील कुमार चौबे, महासचिव पद पर आलोक द्विवेदी, दिलीप कुमार सिंह, रमाशंकर यादव, संजीव कुमार दूबे ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष 10 वर्ष के ऊपर में महेश कुमार मिश्रा, रामलाल यादव, उपाध्यक्ष 10 वर्ष के नीचे में अखिलेश कुमार तिवारी, अशोक कुमार मौर्य, विजय कुमार, संतोष कुमार सिंह ने पर्चा भरा है। कोषाध्यक्ष पद पर प्रेमनाथ यादव, संयुक्त सचिव पर कौशल कुमार यादव, सत्यम कुमार यादव, शिव कुमार पाठक, आय व्यय निरीक्षक पर विनोद सोनकर ने एकमात्र नामांकन किया। जिससे इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इस मौके पर विनीत कुमार श्रीवास्तव, मोहन लाल मिश्र, स्वामीनाथ मिश्र, प्रभुनाथ पाठक आदि रहे।