ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र कांवल-चकसिखारी मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम भूसा लदे ट्रैक्टर से बाइक सवार टकरा गए। इस हादसे में सुरेश बिंद (25) निवासी डुढ़वा-चील्ह, मिर्जापुर की मौत हो गई और महेंद्र बिंद (22) घायल हो गया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल महेंद्र का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मिर्जापुर जिले के डुढ़वा-चील्ह निवासी बेचू बिंद और श्यामधर बिंद के पुत्र सुरेश बिंद, महेंद्र बिंद शाम के समय बहन के घर खिचड़ी पहुंचाने बाइक से जा रहे थे। चकसिखारी गांव पहुंचने पर सड़क के किनारे भूसा लादकर खड़े ट्रैक्टर में भिड़ गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुरेश बिंद की हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। बनारस ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजन रोते-बिलखते पहुंचे। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर जुटे लोगों ने बताया कि जिस समय टक्कर हुई, उस समय बाइक सवार नशे में थे। कोतवाल मो. आलमगीर ने बताया कि मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है और क्षतिग्रस्त बाइक, भूसा लदे ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।