गोपीगंज (भदोही)। जीटी रोड पर गोपीगंज थानाक्षेत्र में लालानगर टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार भोर में टोल पर पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगे ट्रक से वाराणसी से इलाहाबाद जा रही डीसीएम पीछे से भिड़ गई। इसमें हरियाणा निवासी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को भोर में करीब साढ़े तीन बजे लालानगर टोल प्लाजा पर पर्ची कटवाने के लिए ट्रकों की लंबी लाइन लगी हुई थी। उसी दौरान वाराणसी से इलाहाबाद की ओर जा रही डीसीएम एचआर 63पी 8710 लाइन में लगे एक ट्रक के पीछे जाकर भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक अनूप सिंह (40) निवासी भदानी झज्झर, हरियाणा और खलासी रवि (44) निवासी कोल्हापुर महाराष्ट्र केबिन में चिपक गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने क्रेन से डीसीएम का अगला हिस्सा खींचकर दोनों को बाहर निकाला गया। सिर में गंभीर चोट लगने से चालक की मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल खलासी को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया। चालक की जेब से पुलिस को पांच हजार रुपये और मोबाइल मिला। पैसे और मोबाइल को पुलिस ने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर जिस ट्रक में डीसीएम की भिड़त हुई थी, उसे चालक लेकर भाग गया।