वाराणसी-प्रयागराज के राजातालाब-हंडिया हाईवे खंड के सर्विसलेन पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने हाइवे प्राधिकरण के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। लोगों ने यह चेतावनी भी दी है कि सर्विसलेन पर हुए गड्ढों को एक सप्ताह में नहीं भरा गया तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।
मैजिक वाहन पर सामान लादकर जाते समय गिराई-कौलापुर के बीच शनिवार को वाहन पलटने से बचने के बाद चालक रामधनी ने बताया कि हाईवे प्राधिकरण सिर्फ मुख्य लेन की मरम्मत करता है। मुख्य लेन के उत्तरी-दक्षिणी छोर पर हंडिया से राजातालाब तक बनवाई गई सर्विसलेन रखरखाव के अभाव में जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। बाइक सवार रामनरेश ने बताया कि जिस स्थान पर सर्विसलेन पर गड्ढे हुए हैं, वहां से बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित है, लेकिन ट्रक, कंटेनर ओवरलोड सामानों को लादकर या तो रफ्तार भरते रहते हैं या अगल-बगल खड़े रहते हैं। सर्विसलेन बनाते समय गंदे जल निकासी के लिए प्राधिकरण ने ठोस कदम नहीं उठाया है। इसका खामियाजा लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करके भुगतना पड़ रहा है। पड़ाव से सब्जी की खरीदारी कर सेमराधनाथ की ओर जा रहे रमाशंकर ने बताया कि प्राधिकरण अपनी कमियां छिपाने के लिए जिम्मेदारी दूसरों पर थोप रहा है। इस मार्ग पर पैदल जा रहे रामनाथ का कहना था कि गड्ढों में भरा गंदे पानी के छींटे वाहनों की आवाजाही के दौरान कब कपड़ों पर पड़ जाएंगे, कुछ नहीं कहा जा सकता है। हाईवे प्राधिकरण के मेंटनेस प्रभारी वीरेंद्र कुशवाहा का कहना है कि जल्द ही निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरवाने और गंदे जल की निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।