अभोली ब्लॉक के नीबी गांव में काश्तकारों ने प्रदर्शन कर एलपीजी पाइप लाइन बिछाने का कार्य शनिवार को रोक दिया। काश्तकारों ने आरोप लगाया है कि जिस काश्तकार की कम जमीन अधिगृहीत की गई है, उसके खाते में मुआवजा की अधिक धनराशि भेजकर वसूल किया जा रहा है, जबकि जिस काश्तकार की अधिक जमीन अधिगृहीत हुई है उसके खाते में सर्किल दर से कम धनराशि भेज दी जा रही है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार पाल ने बताया कि 20 ऐसे काश्तकार हैं, जिनके खाते में मुआवजा की धनराशि कम आई है और शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में लालचंद पाल, अमरावती देवी, धर्मेश कुमार पाल, श्यामलाल पाल, रमेशचंद पाल, लालचंद कनौजिया, फूलचंद कनौजिया, रामलखन पाल, सजावल बिंद, विमला देवी, माताचरण बिंद, भोनूराम बिंद, विमला देवी, लालचंद पाल, गुलाबचंद पाल, गोविंद पाल, अशोक कुमार, राधिका देवी आदि शामिल रहीं। एसडीएम भदोही चंद्रशेखर का कहना है कि कांडला से गोरखपुर तक बिछाई जाने वाली एलपीजी पाइप लाइन भदोही और औराई तहसील के 42 गांवों से होकर जा रही है। कार्यदाई संस्था के अधिकारियों के साथ बैठक कर काश्तकारों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।