छेड़खानी का आरोपी चौरी रोड से गिरफ्तार
नगर पालिका दफ्तर के सामने एक नौकरीपेशा युवती से छेड़खानी के मामले में आरोपी और भदोही विधायक के भतीजे शादाब बेग को भदोही कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात चौरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के दिन से ही उसकी गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही थी। जिसमें आज सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे चौरी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, विधायक जाहिद बेग ने पत्रकारों से दावा किया कि वे मुंबई में थे। उन्हें इस संगीन मामले से जोड़ा जाने लगा तो वे सोमवार की रात भदोही लौटे और खुद आरोपी भतीजे को पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर भतीजे की पैरवी करने का आरोप सरासर गलत है।इसके पूर्व कचहरी परिसर में करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला।
शादाब बेग कचहरी परिसर से साथियों के साथ करीब दो घंटे तक मौजूद रहा पर पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई। वह समर्पण करने के लिए कोर्ट पहुंचा था, लेकिन कागजात के अभाव में समर्पण न हो पाने पर वह वहां से निकल गया। हाईप्रोफाइल मामले के आरोपी के पुलिस के सामने से निकल जाने को लेकर पूरे दिन चर्चाएं होती रहीं। बता दें कि गत शुक्रवार को भदोही पालिका दफ्तर के सामने एक युवती से छेड़खानी के मामले में शादाब बेग पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
कचहरी परिसर में सोमवार को सुबह से ही आरोपी के समर्पण की सुगबुगाहट होने लगी थी।
भदोही कोतवाली पुलिस पीडिता का कलमबंद बयान कराने के लिए 12 बजे के करीब सीजेएम कोर्ट में पहुंची थी। बताया जाता है कि उसी दौरान आरोपी शादाब लाव लश्कर के साथ न्यायालय में समर्पण करने पहुंचा। उसके वकील ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस की तरफ से दिए जाने वाले कागजात पूरे न होने पर कोर्ट ने उसके प्रार्थना पत्र पर भदोही थाने से रिपोर्ट मांग ली और आरोपी का समर्पण नहीं लिया।
करीब दो घंटे तक रहने के बाद वह वहां से चला गया और कोर्ट परिसर में खड़ी पुलिस ताकती रह गई। उधर, अमर उजाला से बातचीत में पीड़िता ने कहा कि न्यायालय पर उसे पूरा भरोसा है लेकिन पुलिस से न्याय की उम्मीद नही ंहै। वह सत्तापक्ष के इशारे पर काम कर रही है। आरोपी उनके सामने से चला जा रहा है और पुलिस खड़ी होकर देख रही है।