सेना में भर्ती कराने के नाम पर एक युवक से करीब चार लाख रुपये वसूलने का प्रयास करने वाले दो जालसाजों को थाना पुलिस ने सुजानपुर गांव से धर दबोचा। रिपोर्ट दर्ज करके जालसाजों को जेल भेज दिया गया।
ग्राम रामपुर थाना नर्वल कानपुर नगर निवासी गुलाब सिंह पुत्र राम सिंह ने पुलिस को बताया कि सेना में भर्ती के लिए पिछले दिनों कानपुर में चल रही शारीरिक परीक्षा के लिए वह भी गया था, जहां टेस्ट आदि के बाद उसकी मुलाकात विशाल सोनी पुत्र संतोष सोनी निवासी भोजपुर थाना सरैनी जिला रायबरेली से हुई।
विशाल ने उच्चाधिकारियों से पहचान होने की बात कहकर सेना में भर्ती करवाने की बात कही। इसके बाद उससे फोन पर संपर्क चलता रहा। शनिवार को विशाल ने फोन करके बताया कि मेरा चयन सेना में हो गया है, साढ़े चार लाख रुपये लेकर लखनऊ आ जाओ तो तुम्हारा चयन भी करवा दूंगा। इसके बाद गुलाब अपने दोस्त चौबेपुर के सुजानपुर गांव निवासी शुभम यादव को साथ लेकर रविवार सुबह बताए गए पते पर लखनऊ पहुंचा, जहां विशाल ने अपना नियुक्ति पत्र दिखाते हुए रुपये की मांग की।
शक होने पर गुलाब ने पूरा पैसा चौबेपुर में देने की बात कही। फिर विशाल अपने एक अन्य साथी अनुभव सिंह पुत्र देवेंद्र बहादुर निवासी बहरौली थाना सरैनी जिला रायबरेली के साथ चौबेपुर के गांव सुजानपुर आ पहुंचा। तब गुलाब ने मामले की सूचना थाना पुलिस को दे दी, जिसके बाद पुलिस ने विशाल और अनुभव को पकड़ लिया।
एसआई राजेश यादव ने बताया कि अनुभव व विशाल सेना में भर्ती कराने के नाम पर मोटी रकम ठगना चाह रहे थे। उन्हें पकड़कर जेल भेजा गया है।