थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में रविवार को सिलाई सीखने गई किशोरी का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घर वाले पूरे दिन उसे ढूंढ-ढूंढकर बेहाल हो गए। रात में घर पहुंचे दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर उसकी मां के गहने लूट लिए और जाते-जाते लड़की के बदले 60 हजार रुपये फिरौती की मांग भी कर डाली। भुक्तभोगी केस दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर काट रही है।
जंगलपुर गांव निवासी कक्षा दस की 16 वर्षीय छात्रा सात मई को सिलाई-कढ़ाई सीखने के लिए घर से निकली। देर शाम तक नहीं लौटी तो घर वाले परेशान हो गए। उसकी खोजबीन की, लेकिन पता न चलने पर जंगीगंज चौकी में मां ने बेटी के अपहरण की तहरीर दी। तहरीर के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। भुक्तभोगी महिला ने बताया की आठ मई की रात दो युवक उसके घर आए और चाकू से आतंकित कर कान और गले में पहने उसके आभूषण को उतरवा लिया।
उसने विरोध किया तो मारने-पीटने के साथ उसे धमकी दी कि अपनी लड़की चाहती हो तो 60 हजार रुपए का इंतजाम कर लो। बताया कि इसकी खबर जब उसने जंगीगंज चौकी को दी तो पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ा, लेकिन बाद में छोड़ दिया। लेकिन इसके बाद कोई कार्रर्वाई नहीं की गई।