दुर्घटना में लगभग 25 तीर्थयात्री घायल हो गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को गोपीगंज सामुदायकि स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
महाराष्ट्र के अमरावती से तीर्थयात्रियों का जत्था काशी दर्शन के लिए आया था। वहीं से आईआरसीटीसी का पैकेज लेकर तीर्थयात्री चित्रकूट दर्शन के लिए गए थे। बुधवार को वे लोग रोडवेज की अनुबंधित बस से चित्रकूट से वाराणसी रवाना हो रहे थे। बस में कुल लगभग 35 तीर्थयात्री सवार थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे जीटी रोड पर ऊंज और गोपीगंज थानाक्षेत्र की सीमा पर दौड़ियाहीं के समीप हाईवे के सर्विस लेन से टकराने के बाद बस अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पर पलट गई। हादसे में महाराष्ट्र के अमरावती निवासी वर्षा तरावे 50, सुमन 45, शोभा खैरकर 50, नलिनी 55, तुलसा बेर 50, मोरे 50, तोता राम 55, सपोटे 60 और मंडेल 50 समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर रोना-चिल्लाना मच गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन उधर से बताया गया कि इस समय उस रूट के लिए कोई गाड़ी खाली नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रयास कर लंबी मशक्कत के बाद घायलों को गोपीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना के बाद बस के चालक और खलासी फरार हो गए।