भदोही। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट के भदोही नगर स्थित रेवड़ा परसपुर रेलवे फाटक मंगलवार को एक कंटेनर के पास होने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। दोपहर 2 बजे जब भारी वाहन गुजर रहा था तो फाटक खुला था। गेटमैन से सूचना मिलने पर आरपीएफ चौकी पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। उधर आनंद नगर रेलवे गेट भी तकनीकी खराबी आने से दो घंटे तक गेट को बंद रखना पड़ा। मंगलवार को दोपहर 2 बजे रेवड़ापरसपुर रेलवे फाटक (30 सी) खुला था और उसमें से एक कंटेनर पास हो रहा था। फाटक खुले होने के बाद भी भारी भरकम वाहन उसमें फंस गया, जिससे फाटक का बूम टूट गया। वाहन चालक ने अपनी गलती न होने के बात कही लेकिन आरपीएफ पुलिस चौकी ने देर शाम उसके विरुद्ध रेलवे के विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
उधर आज ही दोपहर 12 बजे आनंद नगर रेलवे फाटक संख्या 31बी में तकनीकी खराबी आ गई। इससे फाटक को बंद करना पड़ा। गेटमैन से प्राप्त सूचना पर कर्मचारियों ने फाटक की जांच की जिसके बाद दो घंटे तक गेट को बंद रख कर उसे ठीक किया। इस दौरान सड़क यातायात ठप रहा। उल्लेखनीय है कि गत दिनों आनंद नगर रेलवे फाटक एक मैजिक के धक्के से टूट गया था, जिसके बाद फाटक चार घंटे तक तक बंद रखना पड़ा था।