ज्ञानपुर। अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान में क्राइम ब्रांच टीम को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। टीम ने जहरखुरानी कर वाहन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। चार बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने चकवां महावीर मंदिर से गिरफ्तार किया। उनके पास से लूट के दो ट्रैक्टर, एक चार पहिया और तीन बाइक बरामद किया।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रकरण का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश एस पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं पर एएसपी डॉ. संजय कुमार के पर्यवेक्षण और सीओ ज्ञानपुर यादवेंद्र के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच को कार्रवाई के लिए जिम्मेदारी सौंपी। जिस पर मुखबिर की सूचना पर बुधवार शाम को टीम ने ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस के सहयोग से चकवां मंदिर के पास से चार लुटेरों को गिरफ्तार किया। उनके पास से जौनपुर के बरसठी और चंदौली के धानापुर से लूटे गए ट्रैक्टर बरामद हुए। इसमें सात अक्टूबर को बरसठी से चालक को अचेत कर लूटी गई ट्रैक्टर भी है। अभियुक्तों ने बताया कि वे भ्रमण के दौरान व्यक्ति को चिह्नित करते। उसके बाद उसकी बुकिंग कराकर कहीं ले जाते। रास्ते में नशीला पदार्थ खिलाकर वाहन को लूट लिया जाता और उसके बाद बेचकर रकम को आपस में बांट लेते। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र कुमार पुत्र शिवमूरत निवासी गरथमा थाना चोलापुर वाराणसी, जोगेंद्र पटेल पुत्र श्रीपत पटेल निवासी बल्लीपुर नोनारी थाना नेवढ़िया जौनपुर, कासिम पुत्र रमजान निवासी सहजनी थाना नेवढ़िया जौनपुर और महेंद्र राजभर पुत्र स्व. खरपत्तू निवासी बड़ागांव वाराणसी शामिल रहे। एसपी ने टीम को पांच हजार देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की। टीम में मेराज अली, दयाशंकर ओझा, अनिरुद्ध, सचिन झा, इमरान खान, सर्वेश राय, इंदु प्रकाश, राधेश्याम कुशवाहा, नरेंद्र सिंह आदि रहे।