औराई। मतदान में पक्षपात की शिकायत मिलने से नाराज औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने रविवार को लक्ष्मणा बूथ के पीठासीन अधिकारी राधेश्याम को पीट दिया। इससे वह जख्मी हो गए। जानकारी मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने पीठासीन अधिकारी को बदल दिया। वहीं पुलिस ने विधायक के खिलाफ औराई थाने में मुकदमा दर्ज किया है।
जूनियर हाईस्कूल लक्ष्मणा के बूथ संख्या 359 पर पीठासीन अधिकारी राधेश्याम मतदान करवा रहे थे। मतदान केंद्र पर मौजूद एजेंटों और अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि पीठासीन अधिकारी मतदान के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। यह जानकारी औराई के भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर को मिली तो वह बूथ पर पहुंचे और पीठासीन अधिकारी से बातचीत की। इसके बाद तू-तू-मैं-मैं होने लगी। थोड़ी ही देर में बात इतनी बढ़ी कि हाथापाई के बाद मारपीट हो गई। पीठासीन अधिकारी ने आरोप लगाया कि विधायक ने मुझे मारापीटा। जानकारी मिलने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, पुलिस कप्तान राजेश एस, सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत बड़ी संख्या में फोर्स पहुंच गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पीठासीन अधिकारी को बदल दिया। उनके स्थान पर गणेश को पीठासीन अधिकारी बनाया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में विधायक का पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।