भदोही। कोतवाली क्षेत्र के पिपरी ग्राम में शनिवार की रात चोरों ने मोबाइल शाप का शटर चांड़ कर लगभग 65 हजार रुपये नगदी सहित डेढ़ लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जिस दुकान में चोरी हुई, उसमें दुकानदार किराएदार था। सुबह चोरी की सूचना मिलते ही पीड़ित गांव पहुंचा। चोरी की तहरीर पर पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित जौनपुर के रामपुर थाना क्षेत्र निवासी था।
रामपुर के कोदैला निवासी संतोष यादव ने पिपरी में मोबाइल शाप खोल रखी है। दुकान में नए मोबाइल हैंडसेटों के अलावा उपकरणों की भी बिक्री होती है। बकौल दुकानदार शनिवार की रात 8 बजे उसने मेज की दराज में 65 हजार रुपये नगदी छोड़ गया था, जो सुबह किसी को देना था। सुबह कुछ लोगों ने जब देखा कि शटर एक ओर से जबरन उठाकर खोला गया है तो लोगों का माथा ठनका। इस पर दुकानदार को फोन से सूचना दी गई। दुकानदार ने सामानों की जांच के बाद पुलिस को दिए तहरीर में 65 हजार रुपये नगद सहित दो लैपटाप, 60 पीस मोबाइल चार्जर, 6 नया मोबाइल हैंडसेट, प्रिंटर व लेमिनेशन मशीन, इनवर्टर, स्टेबलाइजर, इनवर्टर बैटरी कुल लगभग डेढ़ लाख रुपयों के सामान चोरी की सूचना दी। पुलिस ने बताया कि सूचना पर छानबीन भी की जा रही है। उधर दुकानदार का कहना है कि दुकान के पास ही सीसी कैमरे में रात्रि 13.35 बजे संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं, जिससे कुछ सुराग मिल सकता है।