चौरी/औराई। दो थानाक्षेत्रों में शनिवार को हुईं अगलगी की अलग-अलग घटनाओं में किशोरी समेत दो लोग झुलस गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर होने पर अन्यत्र रेफर कर दिया गया।
पहली घटना चौरी थानाक्षेत्र के कोल्हण गांव में गैस सिलिंडर से लगी आग से हुई। इसमें तनु मिश्रा गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के लिए उसे भदोही स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक बताई गई। बताते हैं कि देर शाम तनु चाय बनाने के लिए गैस सिलिंडर में जैसे ही माचिस लगाई, वैसे ही कपड़े में आग पकड़ ली। किशोरी के शोर मचाने पर जब तक परिजन पहुंचते, तब तक वह काफी हद तक जल चुकी थी। किसी तरह आग बुझाने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह औराई कोतवाली क्षेत्र के छोटा सिउर गांव में शुक्रवार की देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मकान में लगी आग की चपेट में आकर राज सरोज गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होते ही चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया।