सुरियावां। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल प्रखंड के सुरियावां स्टेशन के महुआपुर केे पास बुधवार को वंदे भारत एक्सप्रेस डाउन पर कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे उसके बोगी सी- 3 के कई शीशे टूट गए। पथराव करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।आरपीएफ के उप निरीक्षक ने तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
देश की सबसे आधुनिक एवं तेज चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को कुछ दिन पहले ही दिल्ली से वाराणसी के लिए चलाया गया। यह ट्रेन भदोही से होकर गुजरती है। बुधवार को दोपहर करीब तीन बजे के बाद 42436 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस जैसे ही सुरियावां स्टेशन के आगे महुआपुर गांव के समीप से गुजरी, कुछ शरारती तत्वों ने ट्रैक के किनारे रखे पत्थरों को उठाकर पथराव कर दिया। इससे ट्रेन के बोगी सी- तीन के कई शीशे टूट गए। ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने मोढ़ स्टेशन मास्टर को इस वारदात की सूचना दी। मोढ स्टेशन मास्टर ने सुरियावां स्टेशन मास्टर को खबर दी। वाराणसी से लेकर लखनऊ तक के अधिकारी हरकत में आ गए। भदोही आरपीएफ उपनिरीक्षक एके सिंह और जंघई आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक जेआर मीणा मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। दोनों उप निरीक्षकों ने सुरियावां थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उप निरीक्षक एके सिंह ने कहा कि अज्ञात पर केस दर्ज कराया गया। पथराव करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।