जिलाध्यक्ष पर हमले में दो नामजद
22 अक्टूबर को कप्तान से लगाई थी सुरक्षा की गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
भदोही। गुरुवार की रात नगर के जौनपुर-बाईपास मार्ग पर अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष डीएम सिंह पर अज्ञात लोगों द्वारा प्राणघातक हमले में पुलिस ने शुक्रवार को दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार को सायं 5 बजे घायल जिलाध्यक्ष स्वयं तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। उधर हमले के बाद रात इंदिरा मिल के एक निजी अस्पताल में भर्ती जिलाध्यक्ष को शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई।
जिलाध्यक्ष ने तहरीर में बताया कि वे चौरी क्षेत्र के लक्षापुर में पार्टी की बैठक में सम्मिलित होकर रात्रि में बाईपास मार्ग से पिपरी अपने घर जा रहे थे। जब वे सिंह दरबार ढाबा के पास पहुंचे थे तो एक बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और सामने से फायर किया। फायर मिस हो जाने पर दूसरे बदमाश ने उनके सिर पर प्राणघातक हमला किया। जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। उन्होंने तहरीर में बताया कि इस हमले के तार 4 अक्टूबर को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों से हुई नोकझोंक से जुड़े हो सकते हैं क्योंकि उसी दिन एक व्यक्ति ने जान से मार देने की धमकी दी थी। जिलाध्यक्ष ने गत 22 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक राजेश एस को लिखे पत्रक में सुरक्षा मांगते हुए अपनी जान का खतरा बताया था। इस आशय की जांच अभी पुलिस कर ही रही थी कि उन पर हमला हो गया।